इटारसी। स्थानीय कृषि उपज मंडी में धान और मक्का की बंपर आवक के कारण मंडी परिसर पूरी तरह से फुल हो गया है। मंडी के भीतर जगह की भारी कमी और उपज लेकर आए किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की अत्यधिक संख्या के चलते मंडी के मुख्य द्वार से लेकर सड़क तक लंबा और भीषण ट्रैफिक जाम लग गया है।
किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लगने से मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। आम राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन और मंडी समिति द्वारा किसानों से फिलहाल मंडी में उपज न लाने की अपील और अनुरोध किया गया था, लेकिन इसके बावजूद किसान मान नहीं रहे हैं और लगातार अपनी ट्रॉलियां लेकर मंडी पहुंच रहे हैं, जिससे स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।











