इटारसी। पथरोटा थाना क्षेत्र के ग्राम घुघवासा में 32 वर्षीय विवाहिता स्वाति उर्फ रेखा पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। वर्ष 2019 में ब्याही स्वाति की मौत के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जहां मायके पक्ष के लोगों और सामाजिक प्रतिनिधियों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतका के भाई धर्मेन्द्र चौधरी निवासी तारारोड़ा ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या का मामला बताया है। भाई का आरोप है कि शादी के 7 साल बाद भी आभूषण खोने की बात को लेकर स्वाति को लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था। घटना वाले दिन ससुराल वालों ने पहले फोन पर कुछ खा-पी लेने की बात कही, लेकिन जब वे पहुंचे तो शव जमीन पर था और अस्पताल ले जाने में टालमटोल की गई।
वहीं, मृतका के देवर राम सिंह का कहना है कि वे खेत में थे और उन्हें फोन पर स्वाति द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी।पथरोटा थाना प्रभारी मोनिका गौर ने बताया कि 11 जुलाई 2026 की रात महिला द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी, जिस पर मर्ग कायम किया गया है। मायके पक्ष द्वारा जहर देने और ससुराल पक्ष द्वारा फांसी लगाने की विरोधाभासी बातें कही जा रही हैं।
मामले की निष्पक्षता के लिए एफएसएल टीम को बुलाया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











