- सिंगाजी थर्मल पावर जा रही थी 58 डिब्बों की ट्रेन, आरपीएफ व रेलवे अधिकारियों की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टला
इटारसी। आमला की ओर से इटारसी आ रही 58 डिब्बों वाली एक कोयला मालगाड़ी के एन-बॉक्स डिब्बे में अचानक आग लगने से रेलवे प्रशासन और स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। मालगाड़ी (ट्रेन क्रमांक 100797-68602) सिंगाजी थर्मल पावर हाउस की ओर जा रही थी।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए प्रभावित डिब्बे को तत्काल चीफ यार्ड मास्टर कार्यालय के पास स्थित रेलवे यार्ड में शिफ्ट करवाया। इसके तुरंत बाद अग्निशमन दल (फायर ब्रिगेड) को सूचित किया।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और अग्निशमन दल के कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए डिब्बे में दहक रहे कोयले और आग पर काबू पाना शुरू किया। कुछ देर की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जांच के बाद खंडवा की ओर रवाना करेंगे
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आग बुझाने के बाद आवश्यक सुरक्षा व तकनीकी जांच की प्रक्रिया पूरी की गई। जांच उपरांत संबंधित डिब्बे को पुन : उसी मालगाड़ी से जोड़कर खंडवा मार्ग से सिंगाजी थर्मल पावर के लिए रवाना किया जाएया। घटना एवं अग्निशमन कार्य के दौरान रेलवे के उच्च अधिकारी, आरपीएफ के एएसआई प्रकाश बिल्लौर तथा हेड कांस्टेबल एसएस राजपूत मौके पर मुस्तैद रहे और पूरी कार्रवाई पर नजर बनाए रखी। रेलवे द्वारा आग लगने के कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है।










