इटारसी। शहर में खेल भावना, रोमांच और एकता का एक नया अध्याय लिखते हुए प्रथम नर्मदापुरम पिकलबॉल एसोसिएशन नाइट टूर्नामेंट का समापन हो गया। 20 बेहतरीन टीमों और लगभग 100 लीग मैचों के कड़े सफर को पार कर यह टूर्नामेंट अपने ग्रैंड फिनाले तक पहुंचा।
क्वार्टर फाइनल से सेमीफाइनल तक का सफर
टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में जबरदस्त उलटफेर और कांटे की टक्कर देखने को मिली।
- क्वार्टर फाइनल : गौरव-विपिन, राम-रणधीर, सचिन-अंजनेश और मयंक-यश चौकसे की जोडिय़ों ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसमें राम और रणधीर की जोड़ी ने शीर्ष वरीयता प्राप्त शिवम और नवीन को हराकर बड़ा उलटफेर किया।
- सेमीफाइनल : पहले सेमीफाइनल में मयंक और यश चौकसे ने राम व रणधीर को हराया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में गौरव और विपिन ने सचिन व अंजनेश को शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया।
- तीसरा स्थान : उप-विजेता की रेस से बाहर हुई टीमों के बीच हुए कड़े मुकाबले में राम और रणधीर ने सचिन व अंजनेश को हराकर टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया।
फाइनल में मयंक-यश की बादशाहत
ग्रैंड फिनाले में मयंक और यश चौकसे का सामना गौरव और विपिन की मजबूत जोड़ी से हुआ। हर एक पॉइंट के लिए खिलाडिय़ों के बीच लंबा संघर्ष देखने को मिला। अंतत: अपने अद्भुत तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर मयंक और यश चौकसे ने खिताबी जीत दर्ज कर प्रथम नाइट टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। नर्मदापुरम पिकलबॉल एसोसिएशन ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी खिलाडिय़ों, दर्शकों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया है।











