इटारसी। महर्षि नगर स्थित मां बिजासन देवी दरबार मंदिर प्रांगण में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धा और स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर समिति द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नौ दिवसीय कन्या पूजन एवं भोज का आयोजन किया जा रहा है, जो आज पांचवें दिन भी निरंतर जारी है।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण
इस आयोजन की मुख्य विशेषता यह है कि यहां आने वाले किसी भी श्रद्धालु को कन्या पूजन की पूर्ण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। भक्त मंदिर प्रांगण में आकर कन्याओं का पूजन कर रहे हैं, उन्हें उपहार सामग्री भेंट कर रहे हैं और तिलक लगाकर बाल कन्याओं से मंगल आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
बर्तन बैंक से प्लास्टिक मुक्ति का संकल्प
मां बिजासन देवी दरबार सेवा समिति ने इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। यह पूरा आयोजन पूर्णत: डिस्पोजल मुक्त रखा गया है। समिति ने मंदिर प्रांगण को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इस हेतु समिति अपने स्वयं के बर्तन बैंक का उपयोग कर रही है, ताकि किसी भी स्तर पर कचरा या प्लास्टिक प्रदूषण न फैले।
समिति का संदेश : स्वच्छ इटारसी, स्वस्थ इटारसी के परिप्रेक्ष्य में हम आम जन से भी यही अपेक्षा करते हैं कि वे अपने घरों के छोटे-बड़े आयोजनों में डिस्पोजल का मोह त्यागें और पर्यावरण के प्रति अपना अमूल्य योगदान दें। यह नौ दिवसीय आयोजन न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है, बल्कि समाज को डिस्पोजल मुक्त शहर बनाने की दिशा में एक ठोस प्रेरणा भी दे रहा है।










