बनखेड़ी। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश के मुबारक मौके जश्ने मिलादुन्नबी पर बनखेड़ी में एक अनूठी और सराहनीय पहल की गई। इस पावन अवसर को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए स्थानीय कब्रिस्तान परिसर में फलदार आम के पौधे रोपे गए। इस दौरान न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, बल्कि रोपे गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
आने वाली पीढिय़ों के लिए हरित वातावरण जरूरी
इस अवसर पर आयुध नगर मस्जिद कमेटी के पूर्व सदर एवं समाजसेवी शेर खान ने अपने हाथों से पौधे लगाए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पौधे लगाना केवल पर्यावरण को सुरक्षित रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढिय़ों के लिए एक स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी है। धार्मिक आयोजनों को ऐसे रचनात्मक और प्रकृति-प्रेमी कार्यों से जोडऩे से समाज में एक बेहद सकारात्मक संदेश जाता है।
क्षेत्र में हो रही पहल की सराहना
ईद मिलादुन्नबी के पवित्र अवसर पर की गई इस पहल की उपस्थित लोगों और नगरवासियों ने जमकर सराहना की। कार्यक्रम के दौरान यह आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता लानी चाहिए। धार्मिक पर्व के उल्लास को सामाजिक जिम्मेदारी और प्रकृति प्रेम से जोडऩे का यह प्रयास बनखेड़ी क्षेत्र में चर्चा और प्रशंसा का विषय बना हुआ है।











