इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और छात्र कल्याण हेतु गठित ‘पियर सपोर्ट ग्रुप’ की प्रथम बैठक प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। नेशनल टास्क फोर्स के निर्देशों के तहत गठित इस ग्रुप में विभिन्न कक्षाओं के 22 विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. मेहता ने कहा कि विद्यार्थियों को बाधाओं को दरकिनार कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए और परिणाम की चिंता में तनाव नहीं पालना चाहिए। डॉ. पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस ग्रुप का मुख्य कार्य अवसादग्रस्त विद्यार्थियों की पहचान करना और उन्हें सही परामर्श दिलाना है।
कार्यक्रम में डॉ. अरविंद कुमार ने अनुशासन, डॉ. सुसन मनोहर ने आनंदम प्रकोष्ठ और डॉ. अर्चना शर्मा ने महिला सशक्तिकरण पर विचार रखे। बैठक में आयुषी डेविड, ओम सिंह, अंश जैन सहित अन्य छात्र सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और ड्रेस कोड व परिचय पत्र जांच जैसे सुझाव भी दिए।










