इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इटारसी के वाणिज्य विभाग द्वारा आज ‘कॅरियर उन्नति में वित्तीय जागरूकता’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता के मार्गदर्शन और अध्यक्षता में आयोजित की गई।
कार्यशाला के मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता विवेक वर्मा थे, जो नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटी मार्केट के प्रशिक्षित प्रशिक्षक हैं। श्री वर्मा ने वित्तीय साक्षरता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि युवा नागरिकों के पास छोटे स्तर पर निवेश करने के कई विकल्प हैं, और वे अपनी छोटी-छोटी बचतों को सही दिशा में निवेश कर सकते हैं। विद्यार्थियों को नई विधियों, बीमा, म्युचुअल फंड, प्राथमिक व द्वितीयक बाजार के बारे में जानकारी दी गई।
प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि वर्तमान युग में विद्यार्थियों के लिए वित्तीय निवेश की जानकारी होना आवश्यक है, और यह उनके पाठ्यक्रम में भी शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी संस्थान या राष्ट्र की उन्नति में वित्त का बहुत बड़ा योगदान होता है। डॉ. मेहता ने बजट और ऋण व्यवस्था पर भी प्रकाश डाला। संचालन डॉ. एकता मालोनिया ने किया।
अंत में बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा कुमारी राजेश्वरी दुबे व शैफाली चौरे ने प्रतिपुष्टि करते हुए महाविद्यालय का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में विभाग अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जेपी चौरे, डॉ. बाल गोविंद शुक्ला, डॉ. बस्सा सत्यनारायण (रसायन शास्त्र विभाग अध्यक्ष), एवं वाणिज्य विभाग से भारती चौधरी, ओएस यादव, श्रीमती मोनिका साहू, अभिनव पांडे व कार्तिकेय पटेल सहित अधिक से अधिक संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।








