इटारसी। शहर की राठी कॉलोनी में पुरानी रंजिश और बच्चों के आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक नाबालिग भांजे ने अपने ही मामा पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इटारसी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 15 घंटे के भीतर आरोपी बालक को अभिरक्षा में लेकर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
पारिवारिक कलह बनी हत्या की वजह
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 2 अप्रैल की रात करीब 11 बजे की है। राठी कॉलोनी निवासी मृतका की पत्नी मंजू वर्मा ने सूचना दी कि पारिवारिक विवाद और बच्चों की लड़ाई के दौरान उनके भांजे ने आंगन में अपने मामा जागेलाल वर्मा 47 वर्ष पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में जागेलाल की जांघ और कमर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के निर्देशन तथा एसडीओपी इटारसी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त कर लिया है।










