- वार्ड की महिलाओं ने विधायक का पुष्प वर्षा से स्वागत किया
इटारसी। आज सोमवार 18 अगस्त को विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे ने न्यास कालोनी में कुल लगभग 39 रुपए लाख की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। जिस वक्त भूमिपूजन कार्यक्रम चल रहा था, जोरदार बारिश प्रारंभ हो गयी। जनप्रतिनिधियों ने गिरते पानी में ही छाता लगाकर कार्यक्रम को पूर्ण किया। गिरते पानी के बीच भूमि पूजन कार्यक्रम में वार्ड की महिलाओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर विधायक का स्वागत किया। उन्होंने पुष्प वर्षा कर अतिथियों के प्रति आभार और खुशी व्यक्त की।
इन कार्यों का भूमिपूजन
- साईं मंदिर ग्राउंड में 8 लाख से पार्क निर्माण
- 15 लाख से बालक पार्क एवं आंगनबाड़ी केंद्र
- वार्ड 14 एवं 12 में 16 लाख से दो आंगनबाड़ी केंद्र
कार्यक्रम की शुरुआत में सामाजिक कार्यकर्ता मनीष सिंह ठाकुर ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि न्यास कॉलोनी वर्षों से अपेक्षा का शिकार रही, किंतु अब लगातार हो रहे विकास कार्यों ने इसे एक आदर्श बस्ती की ओर अग्रसर कर दिया है। उन्होंने उल्लेख किया कि आज बड़े नाले पर लगभग 22 लाख की लागत से पक्के निर्माण कार्य की भी शुरुआत हुई है। इससे कॉलोनी में स्वच्छता और जल निकासी की बड़ी समस्या का समाधान होगा।
विधायक डॉ. सीता शरण शर्मा ने कहा, न्यास कॉलोनी को सर्वश्रेष्ठ कॉलोनी बनाने का जो सपना हमने देखा था, वह धीरे-धीरे साकार हो रहा है। सभी गार्डनों में बुजुर्गों के लिए बैठने की कुर्सियां एवं बच्चों के लिए खेल सामग्री व झूले लगाए जाएंगे। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा, यह कार्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का प्रयास है। हमारी प्राथमिकता खेल, शिक्षा, स्वच्छता और बच्चों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
न्यास कॉलोनी की जनता की ओर से पार्षद अमृता ठाकुर ने विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा एवं अध्यक्ष पंकज चौरे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में लगभग 80 प्रतिशत सड़कों व नालियों का निर्माण हो चुका है। संजीवनी क्लिनिक, सामुदायिक भवन, पार्क, आंगनबाड़ी, विद्यालय और ई-लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं यहां की नई पहचान होंगी। आज दो नए पार्कों का भूमि पूजन और बड़े नाले पर पक्के निर्माण कार्य की शुरुआत हमारी कॉलोनी के लिए ऐतिहासिक क्षण है।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा, सहायक इंजीनियर मीनाक्षी चौधरी, सब इंजीनियर सोनिका अग्रवाल, नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, महामंत्री शैलेंद्र दुबे, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष, पार्षद सभापति गीता पटेल, पार्षद जिम्मी कैथवास, अमित विश्वास, कुंदन गौर, पुनीत मालवीय, नगर मंडल उपाध्यक्ष संगीता मालवीय, पूनम सोनकर, जया मीणा, सुरेंद्र सिंह एवं श्रीकांत तिवारी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।








