विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा ने निरीक्षण के वक्त जतायी नाराजी
इटारसी। प्रधानमंत्री आवास (PM Awas) के निर्माण कार्य की धीमी गति से नाराज विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा (MLA Dr. Sitasaran Sharma) ने नगर पालिका के इंजीनियर्स को काम में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। विधायक डॉ. शर्मा ने आज इन आवास निर्माण स्थल पर जाकर वस्तुस्थिति देखी और धीमी गति से चल रहे कार्यों पर नाराजी जतायी और उपयंत्री को काम में गति लाने के निर्देश दिये। बता दें कि शहर में 1150 ईडब्ल्यूएस एवं 200 एलआईजी मकानों के लिये हितग्राहियों के पंजीयन हुए हंै। लेकिन जगह नहीं मिलने के कारण सिर्फ 196 ईडब्ल्यूएस एवं 54 एलआईजी आवास के निर्माण पर नगर पालिका कार्य कर रही है।
आज सोमवार को विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने भारत टाकीज के पीछे बने रहे एलआईजी भवनों का निर्माण कार्य देखा। यहां 54 आवास बनाये जाने हैं। इसके अलावा न्यास कालोनी में समरस्ता नगर के पास ईडल्ब्यूएस (EWS) के सौ आवास बनने हैं और दोनों ही जगह कार्य की धीमी गति के कारण पिछले चार वर्ष में एक भी हितग्राही को आवास नहीं मिल पाये हैं। विधायक डॅा शर्मा ने भारत टाकीज के पीछे बन रहे निर्माणाधीन 54 एलआईजी आवासों की कार्य प्रगति देखी। इस दौरान नगर पालिका उपयंत्री सोनिका अग्रवाल मौके पर मौजूद थीं। विधायक शर्मा ने उपयंत्री से निर्माणाधीन आवासों की जानकारी ली तो उपयंत्री ने बताया कि शहर में 1150 ईडब्ल्यूएस एवं 200 एलआईजी मकानों के लिये हितग्राहियों के पंजीयन हुए हैं। लेकिन जगह नहीं मिलने के कारण सिर्फ 196 ईडब्ल्यूएस एवं 54 एलआईजी आवास के निर्माण पर नगर पालिका कार्य कर रही है। यह सुन डॉ शर्मा ने नाराजी व्यक्त करते हुए कहा कि जब जगह हमारे पास नहीं थी तो इतने पंजीयन क्यों किये? उन्होंने उन हितग्राहियों की पंजीयन राशि लौटाने पर विचार करने को कहा है।
विधायक ने न्यास कालोनी स्थित प्रियदर्शनी नगर में निर्माणीधीन 16 आवासों का निरीक्षण किया। यहां पर 100 पीएम आवास का निर्माण होना है। लेकिन अभी तक सिर्फ 16 आवास ही बन रहे हैं। डॉ शर्मा ने उपयंत्री को काम मे तेजी लाने के निर्देश दिये और पीएम आवास निर्माण संबंधी जानकारी नगर पालिका विधायक प्रतिनिधि जगदीश मालवीय और सांसद प्रतिनिधि राजा तिवारी को देने को कहा है। निरीक्षण के उपरांत विधायक डॉ शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुये कहा कि पीएम आवास योजना पर धीमी गति से काम चल रहा है। इसमें तेजी लाने के प्रयास किये जायेंगे। प्रियदर्शनी नगर मं विधायक के निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में आमजन भी इकठ्ठा हो गये थे, विधायक के समक्ष आमजनों ने अपनी समस्या रखी।











