इटारसी। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगल भवन केसला में एक महत्वपूर्ण त्रैमासिक खंड स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विधायक सिवनी मालवा प्रेमशंकर वमा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में न केवल विभागों के कार्यों का लेखा-जोखा लिया, बल्कि सीधे जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं का निराकरण भी किया।
बैठक में क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी एक मंच पर नजर आए। जनपद अध्यक्ष गंगाराम कलमे, उपाध्यक्ष अर्चना महतो, समस्त जनपद सदस्य और विभिन्न पंचायतों के सरपंच, एसडीएम इटारसी नीलेश शर्मा, जनपद सीईओ सुमन खातरकर एवं सभी विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाकर लंबित निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिये और पात्र हितग्राहियों तक शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने सहित पंचायती राज समन्वय के लिए सचिव और रोजगार सहायकों को ग्राम स्तर पर पारदर्शिता और सक्रियता से कार्य करने की हिदायत दी।
जनसंवाद : जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सेतु
बैठक के साथ आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। विधायक ने उपस्थित ग्रामीणों और सरपंचों की बातों को धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास को पहुंचाना है। जनसंवाद का उद्देश्य यही है कि प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम हो और समस्याओं का मौके पर ही समाधान निकाला जा सके। एसडीएम नीलेश शर्मा और सीईओ सुमन खातरकर ने विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किए और विश्वास दिलाया कि विधायक के निर्देशों का पालन किया जाएगा। बैठक में सचिवों और रोजगार सहायकों को मैदानी स्तर पर आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों पर भी चर्चा की गई।










