इटारसी। शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा ने मंगलवार को रेस्ट हाउस में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।
बैठक में एसडीएम नीलेश शर्मा, थाना प्रभारी सौरभ पांडे, पथरोटा थाना प्रभारी मोनिका गौर, भाजपा नगर अध्यक्ष राहुल चौरे, जनपद अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे तथा मनीष ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक ने बताया कि जुझारपुर रोड, पुरानी इटारसी, नाला मोहल्ला और सूरजगंज क्षेत्र में हुई अधिकांश घटनाओं के आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड निकालकर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएं, ताकि उन्हें आसानी से जमानत न मिल सके। एसडीएम और पुलिस प्रशासन ने शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण का आश्वासन दिया।
विधायक ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, भयभीत न होने तथा पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।











