नर्मदापुरम। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय नर्मदा महाविद्यालय में संचालित विधि (लॉ) पाठ्यक्रमों के निरंतर संचालन एवं विद्यार्थियों के हितों के संरक्षण के संबंध में आज उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट कर विषय पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों ने मंत्री को अवगत कराया कि महाविद्यालय में विधि पाठ्यक्रम क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इन पाठ्यक्रमों का निरंतर संचालन विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य एवं क्षेत्र में विधि शिक्षा की उपलब्धता के दृष्टिकोण से अत्यंत आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल ने पाठ्यक्रमों के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उच्च शिक्षा मंत्री श्री परमार ने विषय पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक परीक्षण एवं नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।











