नर्मदापुरम् । शहर के बाजार क्षेत्र में जल भराव की गंभीर समस्या के समाधान के लिए आज नपा में विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव और राजस्व सभापति प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता हंस राय ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से बातचीत की और उन्हें जल्द से जल्द इस समस्या का स्थाई समाधान करने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान, महेंद्र यादव और हंस राय ने नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों को जल निकासी व्यवस्था को तुरंत ठीक करने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे इस समस्या का कोई स्थाई हल निकालें, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के समय पार्षद प्रतिनिधि पूनम मेषकर, अजय सैनी, कुलदीप राठौर सहित कई व्यापारीगण उपस्थित थे।
नपा की टीम युद्धस्तर पर कर रही काम
स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बताया कि विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा, नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव और मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देशों के अनुसार, जल भराव से निपटने के लिए नपा की टीम सुबह से ही युद्धस्तर पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि बाजार क्षेत्र में चेंबर के अंदर एक फर्सी टूट कर गिर गई है, जिससे जल निकासी में बाधा आ रही है। इसके अलावा, पानी के साथ आने वाली मिट्टी, गाद और कचरा भी समस्या को और बढ़ा रहा है।
जल निकासी के लिए, नपा द्वारा पंप लगाकर चेंबर का पानी खाली किया जा रहा है और वैक्यूम एमपीटीआर की मदद भी ली जा रही है। तिवारी ने बताया कि पानी पूरी तरह खाली हो जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि टीम लगातार इस काम में जुटी हुई है। इस दौरान उपयंत्री अंबक पाराशर, रीना गुप्ता, अतिक्रमण दल प्रभारी सुनील राजपूत के साथ ही पेयजल शाखा के कर्मचारी और स्वच्छता दूत भी मौके पर मौजूद रहे।








