इटारसी। विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा ने रेलवे मालगोदाम को यहां रेलवे स्टेशन के पास से हटाकर पवारखेड़ा विस्थापित करने डीआरएम को पत्र लिखा है। इससे पहले भी 2021 में विधायक डॉ. शर्मा मालगोदाम को स्थानांतरित करने पत्र लिख चुके हैं।
विधायक डॉ. शर्मा ने कहा कि कई वर्षों से रेलवे का मालगोदाम प्लेटफार्म क्रमांक 1 के पीछे संचालित हो रहा है जिसमें खाद, सीमेंट सहित अनाज के ट्रकों के माध्यम से इटारसी एवं आसपास वितरण किया जाता है, कभी इटारसी से बाहर अनाज भेजा जाता है। इसके लिए यहां शहर के भीतर बड़े वाहनों का निरंतर आवागमन होता है।
बड़े वाहन लगातार मालगोदाम जाते और आते हैं तो आने-जाने वाले वाहनों के अतिरिक्त नागरिकों को भी असुविधा होती है। कई बार अनाज गिरकर सडऩे से यहां प्रदूषण भी फैलता है। अत: इन समस्याओं को देखते हुए इटारसी स्थित मालगोदाम को पवारखेड़ा विस्थापित किया जाए।










