इटारसी। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है। परिषद के जिला अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अथर खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नर्मदापुरम एसपी साईं कृष्णा एस थोटा को ज्ञापन सौंपा।
इस ज्ञापन में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के उस पुराने और प्रभावी फॉर्मूले को दोबारा लागू करने की मांग की गई है, जिसके तहत शहर के प्रमुख चौराहों, तंग गलियों और मोहल्लों में नगर सैनिकों (होमगार्ड्स) की स्थायी तैनाती की जाती थी। यह व्यवस्था पहले अपराधियों पर नकेल कसने में बेहद कारगर साबित हुई थी, क्योंकि स्थानीय स्तर पर मुस्तैद ये सैनिक किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत मुख्य थाने को दे देते थे। पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा ने मांग को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस विषय पर जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शेख रमजान, असलम भारती, शेख हमीद, शेख साबिर, शेख शकील और आमिर शालू सहित परिषद के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस फॉर्मूले के दोबारा शुरू होने से इटारसी का माहौल फिर से भयमुक्त और शांतिपूर्ण हो सकेगा।











