इटारसी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर इटारसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संभावित अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज 14 अक्टूबर 2025 को एक समन्वय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (रेसुब) भोपाल डॉ. अभिषेक के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसमें रेलवे के विभिन्न विभागों ने सक्रिय भागीदारी की।
मॉक ड्रिल में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (रेसुब) भोपाल डॉ. अभिषेक, निरीक्षक रेसुब इटारसी मनीष पांडे मय स्टॉफ,, जीआरपी इटारसी प्रभारी संजय चौकसे मय स्टॉफ, एसीएम वासुदेव सरकार, मंडल वाणिज्य निरीक्षक इटारसी उत्कर्ष अग्रवाल, स्टेशन प्रबंधक शुभेंदु राय, मुख्य टिकट निरीक्षक इटारसी, एरिया मैनेजर इटारसी जगन्नाथ मीणा, मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक इटारसी मय स्टॉफ शामिल रहे।
भीड़ नियंत्रण और जागरूकता पर जोर


मॉक ड्रिल के दौरान, स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण की रणनीति पर ध्यान केंद्रित किया गया। यात्रियों को एक निर्धारित ‘होल्डिंग एरिया’ में रोक कर उन्हें लाउडहेलर के माध्यम से जागरूक किया गया। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे फुट ओवर ब्रिज और स्टेशन प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के आगमन के समय ही आएं, ताकि अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। साथ ही, यात्रियों को यह भी समझाया कि किसी भी प्रकार की समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर वे स्टेशन एरिया में बनाए गए हेल्प डेस्क पर तुरंत संपर्क करें। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुचारु रेल संचालन, यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन पर बेहतर व्यवस्था बनाए रखना था। रेलवे के सभी संबंधित विभागों के समन्वय से यह सुनिश्चित किया गया कि आपात स्थिति या अत्यधिक भीड़भाड़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।








