इटारसी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तवा नगर में सोमवार को शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव में मोहन सिंह ठाकुर ने प्रचंड बहुमत से जीत हासिल कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
प्रक्रिया के पहले चरण में पालकों ने 14 समिति सदस्यों का निर्वाचन किया। इसके बाद हुए अध्यक्ष पद के मतदान में मोहन सिंह ठाकुर को 9 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी यशोदा साहू को मात्र 3 मतों से संतोष करना पड़ा। चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट बहुमत के आधार पर मोहन सिंह ठाकुर को नवनिर्वाचित अध्यक्ष घोषित किया।
यह पूरी चुनाव प्रक्रिया विद्यालय के प्राचार्य श्रीवास्तव, मनोज बेदी और प्रदीप गढिय़ा की देखरेख में पूरी पारदर्शिता से हुई। जीत के बाद समर्थकों ने फूल-मालाओं से नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया। इस दौरान अरुण समदानी, आशीष मिश्रा, जितेंद्र भूमरकर, रविंद्र डोंगरे, मकसूद अली सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई दी।











