नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिसके चलते पिछले 24 घंटों में जिले के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। कलेक्टर कार्यालय (भू-संसाधन प्रबंधन) से प्राप्त सुबह 8 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में पिछले 24 घंटों में 18.5 मिमी औसत दैनिक वर्षा दर्ज की गई है, जिससे इस सीजन में अब तक का कुल प्रगामी योग 191.5 मिमी पहुंच गया है।
प्रमुख क्षेत्रों में बारिश के आंकड़े
पिछले 24 घंटों में जिले के सिवनी मालवा में सर्वाधिक 54.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पचमढ़ी में 44.0 मिमी, नर्मदापुरम में 16.6 मिमी, माखननगर में 15.0 मिमी, सोहागपुर में 12.0 मिमी और इटारसी में 8.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि, गत वर्ष की तुलना में इस बार अब तक कुल प्रगामी वर्षा थोड़ी कम (पिछले वर्ष इस अवधि तक 315.6 मिमी) रही है। जिले की सामान्य औसत वर्षा 1370.5 मिमी (54.0 इंच) है।
जलाशयों और नर्मदा का वर्तमान जलस्तर
लगातार हो रही बारिश से नदी-जलाशयों का वाटर लेवल भी बढ़ रहा है। राहत की बात यह है कि सभी प्रमुख जलस्रोत अभी खतरे के निशान से काफी नीचे हैं।
- सेठानी घाट (नर्मदाजी) : वर्तमान जलस्तर 937.50 फीट है। यहां अलार्म लेवल 964 फीट और खतरे का निशान 967 फीट है।
- तवा जलाशय : वर्तमान जलस्तर 1113.60 फीट पर पहुंच गया है (अधिकतम क्षमता : 1166.00 फीट)।
- बरगी जलाशय : वर्तमान में जलस्तर 409.10 मीटर है (अधिकतम क्षमता : 422.76 मीटर)।
- बारना जलाशय : वर्तमान जलस्तर 344.21 मीटर दर्ज किया है (अधिकतम क्षमता : 348.55 मीटर)।
प्रशासन द्वारा जलस्तर और वर्षा की स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है।









