भोपाल। मौसम केंद्र भोपाल द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आगामी दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर पूर्वी और उत्तरी-पूर्वी अंचलों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर मौसम साफ रहने और कुछ जगहों पर हल्की बारिश की उम्मीद है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए ‘येलो वॉच’ जारी कर लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।
आइए जानते हैं तारीख-वार मौसम का पूरा हाल
17 जुलाई (आज का मौसम)
बारिश का पूर्वानुमान : आज जबलपुर, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सिवनी, और नरसिंहपुर जैसे दक्षिण-पूर्वी जिलों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश देखी जा रही है। वहीं, मध्य और उत्तरी भाग (भोपाल, सागर, ग्वालियर) के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बौछारें पडऩे की उम्मीद है। पश्चिमी जिलों (नीमच, मंदसौर) में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना हुआ है।
चेतावनी : नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा और जबलपुर के आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश (64.5-115.5 मिमी) के साथ गरज-चमक और 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। पश्चिमी हिस्से (जैसे उज्जैन, रतलाम, नीमच) में फिलहाल कोई बड़ी चेतावनी नहीं है।
18 जुलाई शनिवार
बारिश का पूर्वानुमान : शनिवार को मानसून का दायरा थोड़ा और बढ़ेगा। रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर सहित पूर्वी जिलों में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा और ग्वालियर-चंबल संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
चेतावनी : डिंडोरी, अनूपपुर और आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही, लगभग पूरे राज्य (पश्चिमी सीमांत जिलों को छोड़कर) में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
19 जुलाई रविवार
बारिश का पूर्वानुमान : रविवार को मानसून पूर्वी मध्य प्रदेश में बेहद आक्रामक रूप ले सकता है। छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर और सीधी-सिंगरौली जिलों में अधिकांश स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, जबलपुर, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में कई स्थानों पर पानी गिरेगा। राजधानी भोपाल और इंदौर संभाग में बिखरी हुई बारिश हो सकती है।
चेतावनी : पन्ना, सतना, छतरपुर, दमोह और सागर के क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। आकाशीय बिजली चमकने और 50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली झोंकेदार हवाओं को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
20 जुलाई सोमवार
बारिश का पूर्वानुमान : सोमवार को भारी बारिश का केंद्र उत्तरी-पूर्वी मध्य प्रदेश रहेगा। सतना, रीवा, मैहर, सीधी, सिंगरौली, और शहडोल जिलों में अधिकांश स्थानों पर मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा। पन्ना, कटनी, उमरिया, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में कई स्थानों पर बारिश दर्ज की जाएगी।
चेतावनी : रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। पूरे बुंदेलखंड, बघेलखंड और चंबल संभाग में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से खेतों और पेड़ों के नीचे न जाने की अपील की है।
21 जुलाई मंगलवार
बारिश का पूर्वानुमान : 21 जुलाई को भी पूर्वी और मध्य-पूर्वी हिस्से (सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडोरी) में कई स्थानों पर वर्षा की सक्रियता बनी रहेगी। हालांकि, इंदौर, उज्जैन, नीमच और मंदसौर जैसे पश्चिमी जिलों में मौसम शुष्क या नाममात्र की बौछारों तक सीमित रहेगा।
चेतावनी : दमोह, कटनी, और सागर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी बरकरार है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बिजली कड़कने और तेज हवाओं का दौर देखा जा सकता है।










