
जिले में कमजोर पड़ा मानसून, 24 घंटे में 10.8 मिमी औसत वर्षा
होशंगाबाद/ इटारसी। जिले में वर्षा का दौर कुछ कमजोर हुआ है। पिछले चौबीस घंटे में जिले में महज 10.8 मिली मीटर औसत वर्षा (Rain) दर्ज हुई है, और अब यानी 1 जून से 17 सितंबर को प्रात: 8 बजे तक 979.7 मिमी औसत वर्षा हुई है जबकि इसी अवधि में गत वर्ष 1263.9 मिमी वर्षा हुई थी। आज सुबह 10 बजे तवा बांध के सभी गेट बंद कर दिये हैं। पिछले चौबीस घंटे में तवा में महज 4 इंच पानी बढ़ा था।
पिछले चौबीस घंटे में सिवनी मालवा (Seoni Malwa) में सबसे अधिक 18 मिमी वर्षा हुई है। पचमढ़ी में 17, होशंगाबाद में 16.4, सोहागपुर में 13.2, बाबई और पिपरिया में 8-8, इटारसी में 6.8, डोलरिया में 6 और बनखेड़ी में 3.6 मिमी वर्षा दर्ज हुई है।
अब तक कुल वर्षा
अधीक्षक भू अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से 17 सितम्बर तक तहसील होशंगाबाद में 985.6 मिमी, सिवनीमालवा में 886, इटारसी में 800.8, बाबई में 628, सोहागपुर में 1069.2, पिपरिया में 1140.6, बनखेड़ी में 874.2, डोलरिया में 888.8 एवं पचमढ़ी में 1544 मिमी वर्षा रिकार्ड हुई है। जिले के सामान्य औसत वर्षा 1370.5 मिमी है।
अगले चौबीस घंटे
मौसम विभाग(Weather Department) के अनुसार अगले चौबीस घंटे में संभाग में कहीं भी भारी वर्षा होने की संभावना नहीं है। होशंगाबाद संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।