इटारसी। अनुभाग अंतर्गत भू-राजस्व की वसूली की जाना है। इस संबंध में बकायादारों को तहसीलदार के बार-बार नोटिस दिए जाने पर भी राशि जमा नहीं की गई। ऐसी स्थिति को देखते हुए तहसीलदार इटारसी ने 50 से अधिक बकायादारों के विरुद्ध अंतिम अवसर प्रदान करते हुए कुर्की नोटिस जारी किया है।
नोटिस में बकायादारों को सात दिन के अंदर भू राजस्व की बकाया राशि जमा करने के निर्देश हैं। इस सीमित अवधि में यदि उनके द्वारा राशि जमा नहीं की जाती है तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए संपत्ति को कुर्क किया जाएगा। बकायदारों की सूची में नगर के कई गणमान्य सदस्य, कॉलोनाइजर ,व्यापारी, रिसोर्ट मलिक आदि हैं।
इसके अतिरिक्त इटारसी अनुभाग के अंतर्गत जितने वेयरहाउस निर्मित हैं एवं जिनके भू राजस्व बकाया हैं, उनके द्वारा यदि समय अवधि में राशि जमा नहीं की जाती है, तो उनके विरुद्ध आगामी उपार्जन में उनके वेयर हाउस ब्लैक लिस्ट करते हुए भंडारण की अनुमति नहीं दी जाएगी।








