रीतेश राठौर, केसला/इटारसी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कल 17 नवंबर को आदिवासी ब्लॉक केसला आएंगे। वे यहां सहेली स्टेडियम में पेसा जागरुकता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के लिए आयोजन स्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर हैलीपेड तैयार किया जा रहा है। आज कलेक्टर नीरज सिंह,एसपी गुरुकरण सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने आयोजन स्थल का दौरा किया और तैयारियों की जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि कल ही भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू ने पेसा एक्ट लागू किया है। आज मुख्यमंत्री पेसा जागरुकता कार्यक्रम को संबोधित करने आ रहे हैं। मध्यप्रदेश में अगले वर्ष चुनाव हैं और भाजपा आदिवासियों को साधने का प्रयास कर रही है। माना जा रहा है कि यह सम्मेलन भी इसी की एक कड़ी है।
ये शामिल होंगे सम्मेलन में
प्रदेश के 89 अधिसूचित विकासखंडों में पेसा कानून लागू किए जाने के पश्चात प्रस्तावित कार्यक्रम के माध्यम से विकासखंड में पेसा कानून संबंध में जागरूकता लाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में केसला विकासखंड के 52 ग्राम पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि, पटेल, पुजारी, आदिवासी समुदाय के सम्मानित व्यक्ति तथा ग्राम पंचायतों से आए विभिन्न नागरिक सम्मिलित होंगे। मंच पर मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, सांसद, समस्त विधायक, जिला एवं जनपद पंचायत के प्रतिनिधि तथा आदिवासी समुदाय के प्रमुख प्रतिनिधि रहेंगे। इस दौरान जन सेवा अभियान के कुछ हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी होगा।
कार्यक्रम के मुख्य बिन्दु
- पेसा जागरूकता हेतु रैली के माध्यम से आस पास के ग्राम के नागरिक कार्यक्रम में पहुचेंगे।
- पेसा जागरूकता हेतु एक प्रदर्शनी गैलरी कार्यक्रम स्थल पर बनाई जाएगी
- आदिवासी समुदाय के प्रमुख व्यक्तियों द्वारा पेसा लागू करने हेतु धन्यवाद पत्र मुख्यमंत्री को भेंट किया जाएगा
- आदिवासी कलाकारों द्वारा पैसा लागू होने पर आभार अभिव्यति हेतु स्थानीय नृत्य का मंचन
- पेसा लागू होने पर आदिवासी नृत्य व गीतों का मंचन
- मुख्यमंत्री जी का उद्बोधन
- प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक के उद्बोधन भी होंगे