इटारसी। नर्मदापुरम-नरसिंहपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने आर्चरी नोडल खेल विद्यालय, पुरानी इटारसी पहुंचकर तीरंदाजी के खिलाडिय़ों से आत्मीय भेंट की। इस आकस्मिक दौरे के दौरान सांसद ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय पदक विजेताओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सांसद श्री चौधरी ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले प्रतिभावान खिलाडिय़ों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ी निरंतर अभ्यास करें और देश-प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि खिलाडिय़ों के लिए खेल सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। सांसद ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि खिलाडिय़ों को किसी भी प्रकार की समस्या आती है, तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
स्थानीय स्तर पर सहयोग का वादा
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने भी खिलाडिय़ों को संबोधित किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थानीय स्तर पर नगरपालिका की ओर से जो भी सहयोग आवश्यक होगा, उसे प्राथमिकता के आधार पर तुरंत पूरा किया जाएगा।
ये खिलाड़ी हुए सम्मानित
सम्मानित होने वाले खिलाडिय़ों में सिम्मी, आकांक्षा, प्राची, दीक्षा, वैशाली, नमन, समर्थ, गीतांजलि, देविका और अनुशिखा दीक्षित शामिल रहीं। कार्यक्रम में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह राजपूत, विद्यालय की प्राचार्य सपना गिरधारी, जिला विकास समिति के सदस्य प्रशांत अग्रवाल, इटारसी महिला आर्चरी खेल विकास समिति की संरक्षक गीता चौधरी, जीएसटी अधिकारी प्रीति धुर्वे और प्रशिक्षक सह संयोजक अश्वनी मालवीय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










