- प्राकृतिक कृषि संवर्धन विधेयक पर हुई चर्चा
- विधेयक को लेकर दिल्ली में महत्वपूर्ण मंथन
- सांसद चौधरी ने रखी विधेयक की रूपरेखा
नर्मदापुरम। होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता किरेन रिजिजू से सौजन्य भेंट कर प्राकृतिक कृषि संवर्धन विधेयक-2025 के संबंध में विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की।
इस अवसर पर सांसद श्री चौधरी ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, किसानों की उत्पादन लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता को संरक्षित करने, जल एवं पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने तथा कृषि को अधिक टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने के उद्देश्य से तैयार किए प्राकृतिक कृषि संवर्धन विधेयक-2025 की अवधारणा एवं प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया। सांसद श्री चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में प्राकृतिक खेती को व्यापक प्रोत्साहन मिला है तथा केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के मार्गदर्शन में प्राकृतिक कृषि को जनआंदोलन बनाने की दिशा में अनेक प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने प्राकृतिक कृषि संवर्धन विधेयक-2025 का प्रारूप तैयार कर संसद में प्रस्तुत करने की पहल की है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री रिजिजू को यह भी अवगत कराया कि प्राकृतिक कृषि संवर्धन विधेयक-2025 को संसद में प्रस्तुत करने हेतु राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की सहमति प्राप्त हो चुकी है, जो प्राकृतिक कृषि के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह देश के करोड़ों किसानों, कृषि वैज्ञानिकों एवं प्राकृतिक खेती से जुड़े संगठनों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी कदम है। सांसद श्री चौधरी ने कहा कि प्राकृतिक कृषि केवल खेती की पद्धति नहीं, बल्कि किसानों की आर्थिक समृद्धि, स्वस्थ समाज, पर्यावरण संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार है।
यह विधेयक प्राकृतिक कृषि को संस्थागत आधार प्रदान करने, किसानों को प्रोत्साहन उपलब्ध कराने तथा टिकाऊ कृषि व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।केंद्रीय मंत्री श्री किरेन रिजिजू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसानों के हित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर गंभीर प्रयास समय की आवश्यकता हैं।
उन्होंने प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के मार्गदर्शन में देश प्राकृतिक कृषि के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा यह विधेयक किसानों, कृषि और पर्यावरण के हित में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।











