इटारसी। होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने बेंगलुरु स्थित राजभवन में कर्नाटक के माननीय राज्यपाल डॉ. थावरचंद गहलोत से सौजन्य भेंट की।
इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच राष्ट्र निर्माण, सुशासन, जनसेवा और विशेष रूप से प्राकृतिक कृषि के संवर्धन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
इन मुद्दों पर चर्चा
‘प्राकृतिक कृषि संवर्धन विधेयक, 2025′ पर मंथन: सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने लोकसभा में प्रस्तुत अपने इस निजी विधेयक के उद्देश्यों और देश भर में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की जरूरत पर राज्यपाल महोदय से विस्तार से चर्चा की।
विधेयक के मुख्य लाभ: सांसद ने बताया कि यह विधेयक रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने, किसानों की आय बढ़ाने, भूमि की उर्वरता बचाने और पर्यावरण संतुलन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल है।
राज्यपाल ने की सराहना: राज्यपाल डॉ. थावरचंद गहलोत ने प्राकृतिक कृषि को समय की मांग बताते हुए इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों और जनहितकारी पहलों की सराहना की। सांसद श्री चौधरी ने राज्यपाल के स्नेह और मार्गदर्शन के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया और इसे राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरणादायी बताया।











