- किसानों की समस्याओं पर आर-पार की लड़ाई की तैयारी
रितेश राठौर, भोपाल/नर्मदापुरम/केसला। मध्यप्रदेश के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भोपाल में 17 किसान संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में किसानों की एकजुटता पर जोर देते हुए सर्वसम्मति से मध्यप्रदेश संयुक्त किसान मोर्चा के गठन का निर्णय लिया गया है। मोर्चे का उद्देश्य प्रदेशभर के किसानों के साझा मुद्दों पर एक मजबूत और संयुक्त आंदोलन खड़ा करना है। इस पहल को कई अन्य किसान संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया है।
मुआवजे और खाद की किल्लत पर उठी आवाज
बैठक के दौरान हाल ही में हुई बारिश से खरीफ फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। प्रतिनिधियों ने तत्काल सर्वे कर मुआवजा और फसल बीमा की राशि शीघ्र दिलाने की मांग की है। इसके अलावा, खेती की बढ़ती लागत, फसलों के उचित दाम, कर्ज से राहत, सिंचाई, बिजली, भूमि अधिग्रहण, वनाधिकार और डीएपी व यूरिया खाद की कमी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने जैसे अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।
स्वतंत्र पहचान के साथ साझा संघर्ष
बैठक में अखिल भारतीय किसान सभा के प्रहलाद दास बैरागी ने किसानों की एकजुटता और संयुक्त संघर्ष को लेकर एक अवधारणा पत्र प्रस्तुत किया, जिसे सभी की सहमति से स्वीकार कर लिया गया। इसमें यह तय किया गया कि यह मोर्चा किसी एक संगठन का मंच नहीं होगा, बल्कि सभी किसान संगठन अपनी स्वतंत्र पहचान और कार्यशैली बनाए रखते हुए, साझा मंच से किसानों की लड़ाई लड़ेंगे।
20 सितंबर को नर्मदापुरम में बनेगी आगामी रणनीति
संयुक्त मोर्चे को और अधिक मजबूत बनाने और प्रदेश के अन्य किसान संगठनों को इससे जोडऩे के लिए अगली बैठक 20 सितंबर 2026 को नर्मदापुरम में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में आगामी संयुक्त आंदोलन की रणनीति, साझा कार्यक्रम और संगठनात्मक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।










