भोपाल। भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र द्वारा जारी दैनिक मौसम विवरण के अनुसार, मध्य प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में रीवा संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर, इंदौर, उज्जैन व शहडोल संभाग में कुछ स्थानों पर तथा भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई है।
प्रमुख सिनोष्टिक मौसमी परिस्थितियां
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर स्थित ‘गहरा अवदाब’ सक्रिय है। माध्य समुद्र तल पर मानसून ट्रफ़ वर्तमान में बीकानेर, ग्वालियर, वाराणसी, जमशेदपुर से होते हुए बंगाल की खाड़ी के गहरे अवदाब के केंद्र से होकर गुजर रही है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान तथा मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपरी भागों पर चक्रवातीय परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है।
राजस्थान से लेकर बंगाल की खाड़ी तक फैली ट्रफ़ लाइन मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है, जिससे राज्य में लगातार नमी आ रही है। विगत 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक वर्षा सतना में 53.9 मिमी, अजयगढ़ में 50.2 मिमी, नागौद में 39.0 मिमी और भिंड में 34.0 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा सोहावल (29.0 मिमी), मोमन बड़ोदिया (27.0 मिमी), मझगांव (26.0 मिमी) तथा चंदिया में 25.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
सर्वाधिक अधिकतम तापमान पृथ्वीपुर (निवाड़ी) एवं ग्वालियर में 36.2°C सबसे कम न्यूनतम तापमान खरगौन में 19.6°C पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 27.2°C और न्यूनतम तापमान 20.4°C दर्ज हुआ।
मौसम का पूर्वानुमान और चेतावनी
मौसम केंद्र ने प्रदेश भर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) की चेतावनी जारी की है। उमरिया, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और छतरपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा के साथ झंझावात और वज्रपात की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, नर्मदापुरम, सागर, रीवा, शहडोल, चंबल संभागों समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है।
भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों में आकाश सामान्यतः मेघमय रहेगा। आकाशीय बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है। यहां हवा की गति 12-14 किमी/घंटा रह सकती है तथा अधिकतम तापमान 32°C एवं न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है।










