इटारसी। मालवीय गंज स्थित शक्ति नगर में मेला ग्राउंड से शुक्ला के मकान तक 90 मीटर सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य का नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सड़क की मोटाई, चौड़ाई और नाली के ढाल की बारीकी से जांच की।
नपाध्यक्ष ने निर्माण एजेंसी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सड़क की उचित तराई (क्योरिंग) करने और भारी वाहनों व आवारा पशुओं से बचाव के निर्देश दिए। वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से राहत मिलने पर क्षेत्रवासियों ने नपा अध्यक्ष का आभार जताया। निरीक्षण के दौरान मुकेशचंद्र मैना, आशीष कुमार मालवीय, संजय इवने, फूलचंद सोनी और योगेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
इनका कहना है…
जनसहभागिता से ही विकास कार्य टिकाऊ बनते हैं। यह सड़क आपकी अपनी संपत्ति है, इसलिए निर्माण की गुणवत्ता पर खुद भी नजर रखें और कोई भी कमी दिखने पर तुरंत नगर पालिका को सूचित करें।
— पंकज चौरे, अध्यक्ष नगरपालिका











