इटारसी। नगर पालिका ने लंबे समय बाद शहर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। बुधवार शाम करीब 4 बजे मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेखा जाटव के नेतृत्व में स्टेशन रोड एसीसी तिराहा से लेकर पहली लाइन जय स्तंभ चौक तक अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाई गई।
इस दौरान जिन दुकानों का सामान और बोर्ड निर्धारित सीमा से बाहर सड़क पर पाए गए, उन्हें सीएमओ द्वारा समझाइश दी गई। साथ ही, अतिक्रमण करने वाले 8 दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए मौके पर ही लगभग 4 हजार रुपये का नकद जुर्माना वसूला गया। सीएमओ सुरेखा जाटव ने शहर के सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपना सामान और बोर्ड दुकान की तय सीमा के भीतर ही रखें। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में गंदगी फैलाने या निर्धारित स्थान से बाहर दुकान की सामग्री पाए जाने पर पुनः जुर्माने की दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।











