नर्मदापुरम। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मोरछली चौक स्थित म्यूजिक जोन सभागृह में देशभक्ति गीतों से ओत-प्रोत एक शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भावपूर्ण प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में म्यूजिक जोन के संरक्षक, समाजसेवी व पूर्व विधायक पंडित गिरिजा शंकर शर्मा, समाजसेवी राकेश फौजदार एवं जाने-माने संगीतज्ञ राम परसाई की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण समाजसेवी गिरिजा शंकर शर्मा एवं राकेश फौजदार द्वारा गाए गए देशभक्ति गीत रहे, जिनकी सभागृह में उपस्थित श्रोताओं ने जमकर सराहना की।
कलाकारों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग की भावना स्पष्ट रूप से झलक रही थी। कार्यक्रम में असीम विश्वास, दिनेश श्रीवास्तव, सुनील मिश्रा, प्रतीक द्विवेदी, वैभव शुक्ला, इमरान मिर्जा, अजय बरखने, साधना मेहरा, भाग्यश्री, मुकेश गढ़वाल, गंगाराम सोनिया, अजय दुबे और अनय गौर सहित कई कलाकारों ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियां देकर देशभक्ति का माहौल बना दिया।
संचालन दिनेश श्रीवास्तव ने किया। समापन पर म्यूजिक जोन के अध्यक्ष असीम विश्वास ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर म्यूजिक जोन के रामकुमार गौर सहित अन्य सदस्य एवं इंग्लिश जोन के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।











