इटारसी। मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद ने मंगलवार को जिला अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अथर खान के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम अपर कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। परिषद ने सनातन धर्म में गाय की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता का सम्मान करते हुए केंद्र सरकार से देशहित में गाय को “राष्ट्र माता” घोषित करने और सशक्त गोवंश संरक्षण कानून बनाने की मांग की है।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें
सशक्त कानून व प्रतिबंध: गोवंश (गाय, बैल) के मांस निर्यात पर तुरंत रोक लगे और कमजोर व बूढ़ी गायों के क्रय-विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध हो।
अंतिम संस्कार: मृत्यु के पश्चात गाय का अंतिम संस्कार सनातन धर्म की विधि-विधान के अनुसार किया जाए।
गौ रक्षा दलों पर बैन: गोवंश संरक्षण के नाम पर बने निजी ‘गौ रक्षा दलों’ पर तुरंत प्रतिबंध लगे और इसकी आड़ में होने वाली तस्करी व अवैध गतिविधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
गौशालाओं को मदद: गौशालाओं के लिए पारदर्शी व्यवस्था व विशेष सहायता दी जाए। जैविक खेती और पंचगव्य उत्पादों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए।
जागरूकता अभियान: सभी समुदायों के बीच आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए सरकार द्वारा गोवंश संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए।
जिला अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अथर खान ने कहा कि”गाय सनातन धर्म में आस्था, करुणा और समृद्धि का प्रतीक है। परिषद राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से अपील करती है कि देश के करोड़ों मुस्लिम समुदाय की इन भावनाओं का सम्मान करते हुए इस पर तुरंत ठोस कदम उठाएं।”
ज्ञापन सौंपने के दौरान इमाम शाह, असलम भारती, हाजी शेख रमज़ान, शेख साबिर, बाबू भाई, शेख शकील, आमिर खान, समाजसेवी योगेश साहू और इमरान खान सहित कई सदस्य मौजूद रहे।












