नर्मदा जयंती महोत्सव 26 से 28 जनवरी तक मनाया जायेगा

लोकप्रिय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दी जाएगी प्रस्तुति
नर्मदापुरम।
नर्मदा के पावन सेठानी घाट पर तीन दिवसीय नर्मदा जयंती महोत्सव 26 जनवरी से 28 जनवरी 2023 तक मनाया जाएगा। नर्मदा जयंती की पूर्व तैयारियों के संबंध में आज बुधवार को कलेक्टर नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ गुरकरन सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष नर्मदापुरम श्रीमती नीतू महेंद्र यादव, मध्यप्रदेश तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा, नगरपालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, महेंद्र यादव, जिला पंचायत सीईओ एसएस रावत, अपर कलेक्टर मनोज सिंह ठाकुर, एडिशनल एसपी अवधेशप्रताप सिंह, अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सीएमओ विनोद शुक्ला ने बताया कि नर्मदा जयंती की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सेठानी घाट, विवेकानंद घाट, सर्किट हाउस घाट, पोस्ट ऑफिस घाट पर रंगरोगन का कार्य प्रारंभ किया है। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि घाटों के रंग रोगन का कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने सेठानी घाट सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर आकर्षक लाइटिंग ,साज सज्जा किए जाने के निर्देश नगरपालिका को दिए।

तहसीलदार शैलेंद्र बड़ोनिया ने प्रशासनिक व्यवस्था सहित कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व की भांति इस बार भी मुख्य कार्यक्रम के लिए जलमंच बनाया जाएगा। जिससे मुख्य अतिथि द्वारा पूजा अर्चना की जाएगी। नर्मदा जयंती महोत्सव पर देश के लोकप्रिय कलाकारों को भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया जाएगा। दीपदान, भजन संध्या सहित अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जायगी।

कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व, नगरपालिका, होमगार्ड सहित अन्य संबंधित विभागों को सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य अतिथि के आगमन से लेकर कार्यक्रम के संचालन तक सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक डॉ सिंह ने नर्मदा जयंती महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था के भी सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में पतंग महोत्सव की तैयारियों के संबंध में भी आवश्यक चर्चा की गई। पतंग महोत्सव के लिए व्यवस्थित स्थान चयनित कर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया।

CATEGORIES
Share This

AUTHORRohit

error: Content is protected !!