सिवनी मालवा। नगर के वार्ड 9 के रहवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से पेयजल किल्लत का सामना कर रहे इस क्षेत्र में नर्मदा नल-जल योजना का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो गया है। पार्षद एवं सभापति ईश्वरदास जमींदार की सक्रियता और निरंतर प्रयासों के चलते अब वार्ड की हर गली और घर तक शुद्ध पेयजल की पाइपलाइन पहुंच चुकी है।
इन क्षेत्रों में बिछी पाइपलाइन, खत्म होगा टैंकरों का दौर
वार्ड पार्षद ईश्वरदास जमींदार ने बताया कि चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का जो वादा किया था, वह अब धरातल पर उतर आया है। वार्ड के ऐसे हिस्से जो अब तक पाइपलाइन से वंचित थे, उनमें प्रमुख रूप से अरविंद गली और राधा गली, साईं चौक गली, शिक्षक कॉलोनी, शाहिद पटेल कॉलोनी सरदार वल्लभ भाई पटेल मांगलिक भवन मार्ग सहित अन्य क्षेत्र में पाइप लाइन पहुंच चुकी है। इन सभी क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब तक यहां के नागरिकों को हैंडपंप, टैंकर या निजी बोरिंग पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें इस समस्या से स्थाई निजात मिलेगी।
आधी कीमत पर मिल रहे कनेक्शन
नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन के विशेष सहयोग से वार्डवासियों को एक बड़ी राहत यह भी दी गई है कि नल कनेक्शन का कार्य रियायती दरों (आधी कीमत) पर किया जा रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी योजना का लाभ लेना आसान हो गया है। पार्षद ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी नल-जल योजना और नपा अध्यक्ष के अथक प्रयासों को दिया है।










