नर्मदापुरम। कोतवाली पुलिस ने सैलून संचालक पर चाकू से हमला कर फरार हुए मुख्य आरोपी विकास सराठे को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने घटना के बाद से ही फरार चल रहे इस आरोपी को 28 सितंबर 2026 को भोपाल से अपनी अभिरक्षा में लिया है।
व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा में हुआ था विवाद
यह घटना 25 सितंबर 2026 की है। पीलीखंती नर्मदापुरम के पास रहने वाले आरोपी विकास सराठे, उम्र 36 साल और उसके अन्य साथियों ने सैलून संचालक सतीश उर्फ गब्बर उम्र 40 साल पर चाकू से हमला कर दिया था। पीड़ित सतीश ईशान परिसर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, यह विवाद सैलून के व्यवसाय की आपसी प्रतिस्पर्धा के चलते हुआ था, जिसके बाद आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे।
मामला दर्ज कर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
फरियादी की शिकायत के बाद थाना कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया। यह अहम कार्रवाई नर्मदापुरम के पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा थोटा (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं एसडीओपी जितेन्द्र पाठक के कड़े निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी कोतवाली गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को धर दबोचा।इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाने के उप निरीक्षक अनुज बघेल, प्रधान आरक्षक रितेश, आरक्षक मनीष और आरक्षक गजेन्द्र की विशेष भूमिका रही।










