नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश को फिल्म टूरिज्म हब बनाने की दिशा में नर्मदापुरम जिला तेजी से उभर रहा है। जिले की प्राकृतिक और ऐतिहासिक सुंदरता फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को स्थानीय सर्किट हाउस में लोकप्रिय वेब सीरीज ‘महारानी’ के सीजन-5 की शूटिंग का शुभारंभ हुआ।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा ने मुहूर्त शॉट का क्लैप देकर शूटिंग की शुरुआत की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन और डीएफओ गौरव शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जिले में फिल्म टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रशासन फिल्म निर्माताओं को हर संभव मदद दे रहा है, जिससे न केवल स्थानीय लोकेशन को पहचान मिलेगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने ‘महारानी’ टीम का स्वागत करते हुए प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।वेब सीरीज की लीड अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने नर्मदापुरम को अपनी पसंदीदा लोकेशन बताते हुए प्रशासन के सहयोग और यहाँ के अनुकूल माहौल की सराहना की। वहीं, निर्माता नरेन कुमार ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से वे लगातार नर्मदापुरम आ रहे हैं। यहां मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा और लोगों से बने आत्मीय संबंधों के कारण यह जिला अब उनके लिए ‘मित्रभूमि’ बन गया है।इस अवसर पर डायरेक्टर पुनीत प्रकाश, डीओपी अनुराग सोलंकी और शशि ठाकुर सहित वेब सीरीज की पूरी टीम मौजूद रही।











