इटारसी। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित जे.एस. आनंद सीनियर गर्ल्स अंतर संभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में नर्मदापुरम संभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंबल संभाग को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही नर्मदापुरम ने टूर्नामेंट में 4 महत्वपूर्ण अंक हासिल कर लिए हैं।
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ के सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में नर्मदापुरम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। चंबल संभाग की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 3 विकेट खोकर 172 रन बनाए। चंबल की ओर से सोनिया शर्मा ने सर्वाधिक 61 रन और सोनिया सिंह ने 40 रनों का योगदान दिया। नर्मदापुरम की ओर से धारदार गेंदबाजी करते हुए पल्लवी यादव ने 2 और कल्याणी जाधव ने 1 विकेट चटकाया।
वैष्णवी और माही की शानदार बल्लेबाजी
173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नर्मदापुरम की टीम ने सलामी बल्लेबाज वैष्णवी सिंह (78 रन) और माही ठाकुर (51 रन) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत मैच को 39.3 ओवर में ही जीत लिया। उत्कृष्ट बल्लेबाजी के लिए वैष्णवी सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
जीत से टीम में उत्साह
MPCA मैनेजिंग कमेटी के सदस्य अनुराग मिश्रा ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस पहली जीत से खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार होगा और टीम आगामी मैचों में भी अपना दबदबा कायम रखेगी।टीम की इस उपलब्धि पर कोच तरुण रावत, असिस्टेंट कोच कृतिका चावरे, ट्रेनर शिवानी संतोंरे और मेंटोर वर्षा पटेल सहित नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।










