इटारसी। स्व. पंकज गोयल की स्मृति में आयोजित ‘ऑल इंडिया फुटबॉल नर्मदापुरम गोल्ड कप’ का रोमांचक समापन रविवार को खेड़ा स्थित खेल प्रशाल मैदान पर हुआ। फाइनल मुकाबला बिल्डअप रायसेन और पुलिस बॉयज़ बालाघाट के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर रहीं, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में रायसेन ने 5-4 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में अनिकेत बेस्ट स्कोरर, अतुल कुमार बेस्ट मिडफील्डर और अब्दुल रहमान खान बेस्ट फॉरवर्ड सभी बिल्डअप रायसेन से रहे, जबकि फाइटर क्लब के सौरव भारती को ‘बेस्ट गोलकीपर’ चुना गया।
मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नपा अध्यक्ष पंकज चौरे, एसडीएम नीरज शर्मा और एसडीओपी वीरेंद्र शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। फाइटर फुटबॉल क्लब के अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल और कोच भागवत सिंह राजपूत ने बताया कि टूर्नामेंट में देश भर की टीमों ने हिस्सा लिया। इस दौरान डीएफए कमिश्नर तोसीब खान, निपुण गोठी, किशोर पांडे और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।









