
पूर्व युकां अध्यक्ष ने छोड़ी पार्टी, आप पार्टी का थामा दामन
– कांग्रेस पर लगाया उपेक्षा का आरोप
सोहागपुर/राजेश शुक्ला। नगरीय निकाय चुनाव ने राजनीतिक दलों में उथल-पुथल मचा कर रख दी है। सोहगपुर में भी पूर्व युवक कांग्रेस अध्यक्ष पवन सिंह चौहान ने पार्षद की टिकट ना मिलने पर कांग्रेस पार्टी को छोड़ दिया तथा आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है।
बताया जा रहा है कि युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रहे पवन सिंह चौहान ने कांग्रेस के सोशल मीडिया ग्रुप पर कांग्रेस द्वारा उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है और पार्टी छोडऩे की बात लिखी है। पवन सिंह चौहान द्वारा सोशल मीडिया पर सीधे तौर पर लिखा है कि एक पार्षद पद के लिए मुझे दूर कर दिया गया, मेरी पार्टी में कोई हैसियत नहीं है। मंैने कई बार पार्टी हित में पार्षद पद के फार्म भरकर उठाये हैं। कांग्रेस पार्टी से पार्षद की टिकट न मिलने पर शनिवार को पवन सिंह चौहान ने आप पार्टी की ओर से राम प्रसाद वार्ड से पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। पवन सिंह के साथ कई और लोगों ने जिन्हें कांग्रेस या भाजपा ने प्रत्याशी नहीं बनाया था, अलग-अलग वार्डों से पार्षद पद के लिए नामांकन पत्र जमा किये हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी का नगर में कोई जनाधार नहीं है।
टिकट मांगी नहीं फिर कैसी उपेक्षा
पवन सिंह चौहान के कांग्रेस पार्टी छोडऩे के सवाल पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आलोक जायसवाल का कहना है कि पवन सिंह ने न तो पार्टी को पार्षद पद के लिए बायोडाटा दिया और ना ही पर्यवेक्षक से मिलकर चुनाव लडऩे की इच्छा जाहिर की है। पार्टी पर उपेक्षा का आरोप गलत है।