नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए 08 से 17 जुलाई 2026 तक ‘विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान’ प्रारंभ किया गया है। पुलिस अधीक्षक साईंकृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन एवं एएसपी अभिषेक राजन के नेतृत्व में यह अभियान सभी थाना क्षेत्रों और यातायात पुलिस द्वारा चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत स्कूल बसों के फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसी, इमरजेंसी गेट, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर फाइटर, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी और जीपीएस की बारीकी से जांच की जाएगी। इसके अलावा ड्राइवरों के लाइसेंस और उनके वेरिफिकेशन को भी परखा जाएगा। ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और मोबाइल के उपयोग जैसे नियमों के उल्लंघन पर मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई होगी।
एसपी साईंकृष्णा एस. थोटा ने स्कूल संचालकों व बस ऑपरेटरों से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। साथ ही अभिभावकों से भी आग्रह किया है कि किसी भी कमी की सूचना तत्काल स्थानीय थाने या यातायात पुलिस को दें।











