---Advertisement---

नर्मदापुरम को भोपाल एवं इंदौर की टक्कर का शहर बनाया जाएगा : मुख्यमंत्री

By
Last updated:
Follow Us
  • मप्र में दुग्ध की दुकाने खोली जाएंगी एवं शराब की दुकानें बंद होंगी
  • मुख्यमंत्री ने 104.72 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया
  • मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम में इंजीनियरिंग कॉलेज बनाने की घोषणा की
  • नर्मदा जयंती पर दीप दान से अलौकित हुआ नर्मदा तट का पावन सेठानी घाट

नर्मदापुरम। मां नर्मदा प्रकटोत्सव एवं नर्मदापुरम जिले के गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने घोषणा की कि आने वाले समय में नर्मदापुरम जिले में इंजीनियरिंग कालेज खोला जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव मां नर्मदा प्रकटोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सेठानी घाट में बनाए जल मंच से मां नर्मदा की पूजा अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 104.72 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। जिसमें 29.96 करोड़ के 24 कार्यों का भूमि पूजन किया एवं 74.76 करोड़ के 06 कार्यों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर सेठानी घाट में आटे से बने 1 लाख 25 हजार दीपक का दीप दान किया गया। समूचा नर्मदांचल मां नर्मदा की आस्था और श्रद्धा में डूबा रहा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उक्त दृश्य को देखकर कहा कि मां नर्मदा की पावन पुनीत भूमि पर आने के लिए देवता भी तरसते हैं। समूचा अंचल इंद्र की सभा की तरह लग रहा है। ऐसा आनंद देव लोक में ही संभव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नर्मदा की आशीर्वाद प्रदेश के साथ है। मप्र नदियों का मायका है। यहां से मां नर्मदा एवं अन्य नदियां निकलती है। मनुष्य एवं देवता भी यहां अपना क्षण बिताने को अपना सौभाग्य मानते हैं। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में नर्मदापुरम जिले का व्यापक रूप से विकास किया जाएगा। नर्मदापुरम को भोपाल एवं इंदौर की टक्कर का शहर बनाया जाएगा। मध्यप्रदेश में दूध की दुकानें खोली जाएगी एवं शराब की दुकानें बंद होंगी।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने सभी नदियों को जोडऩे का सपना देखा था। 20 साल बाद उस सपने को साकार किया जा रहा है। केन बेतवा नदी को जोडऩे से बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने वाली है। नर्मदापुरम जिले में हुए रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव से नर्मदापुरम संभाग में 31 हजार करोड़ का निवेश आएगा। नर्मदापुरम के लोग पलायन न करें, अपनी खेती को बचा कर रखें, यह औद्योगीकरण आने वाली पीढ़ी के लिए है। हमने सभी संभाग में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि लाडली बहना योजना से बहनों के जीवन में बदलाव आया है। डॉ यादव ने बताया कि वे स्वयं मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण कर रहे हैं तथा आने वाले समय में विद्यार्थियों को लैपटॉप भी दिये जाऐंगे। भारत की संस्कृति धर्म से जुड़ी हुई है। मध्यप्रदेश सरकार भगवान श्री राम एवं भगवान श्री कृष्ण की स्थली को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करेगी।

सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने सभी उपस्थित लोगों से कहा कि हम मां नर्मदा की सेवा करने का कार्य करें। मुख्यमंत्री ने पूर्व में ही हमें नर्मदा लोक की सौगात दी है। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मध्यप्रदेश को अनेक सौगातें दी है। 17 जिलों में शराबबंदी की है। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम जिले में भी शराब बंदी की जाए। नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने कहा कि नर्मदा लोक के प्रथम चरण के लिए 20 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने दूसरे चरण के लिए 30 करोड़ की राशि देने एवं इंजीनियरिंग कॉलेज की सौगात देने की मांग की तथा कहा कि नर्मदापुरम को धार्मिक एवं पवित्र नगरी की श्रेणी में लाया जाए तथा जिले को विशेष पर्यटन जिले का दर्जा दिया जाए। इसके पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेन्द्र यादव ने कहा कि नर्मदा प्रकटोत्सव कार्यक्रम समूचे विश्व में मनाये जाने वाला कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बिना मांगे ही जिले को सब कुछ दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि नगर पालिका नर्मदापुरम को प्रदेश की नं 01 नगरपालिका बनाकर दिखाया जाएगा।

कन्या पूजन कर किया शुभारंभ

इसके पूर्व मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कन्या पूजन कर नर्मदा प्रकटोत्सव का शुभारंभ किया। आचार्य सोमेश परसाई, गोपाल प्रसाद खड्डर एवं पं विनोद दुबे ने विधि विधान से पूजा संपन्न कराई। इस अवसर पर सिवनीमालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, भाजपा की जिलाध्यक्ष श्रीमती प्रीति पवन शुक्ला, महेंद्र यादव नपा के पार्षद, कमिश्नर कृष्ण गोपाल तिवारी, कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, पुलिस अधीक्षक डॉ गुरूकरन सिंह, अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ एसएस रावत व अन्य अतिथि मौजूद रहे। संचालन दिनेश शर्मा ने किया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मां नर्मदा की महाआरती की। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव नर्मदापुरम से भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस में रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से संवाद किया।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

नर्मदा प्रकटोत्सव एवं नर्मदापुरम के गौरव दिवस के अवसर पर मंगलवार को लोकप्रिय कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई जिसके अंतर्गत सेठानी घाट पर मीशा शर्मा एवं उनके साथियों ने निमाड़ी लोक गायन की सुमधुर प्रस्तुति दी। देर रात्रि उज्जैन की कशिश शीतलानी एवं उनके साथियों ने कथा नर्मदा की नृत्य नाटिका के माध्यम से प्रस्तुति दी जिसका दर्शको ने खूब आनंद उठाया। भोपाल से आये विकास सिरमोलिया एवं उनके साथियों ने भक्ति गायन की प्रस्तुति दी।

चौराहों का सौंदर्यीकरण, घरों में जले दीप

नर्मदा प्रकटोत्सव के अवसर पर शहर में पिछले अनेक दिनों से स्वच्छता अभियान चलाया था। सभी घाटों पर एवं अनेक चौराहों व स्थानों पर विशेष सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है। घाट एवं जगह जगह पर लाइटिंग की गई थी। शहरवासियों ने अपने घरों में दीपक जलाकर नर्मदा प्रकटोत्सव का उल्लास मनाया।

ये दी सीएम ने सौगात

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जिले के 104.72 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया जिसमें 29.96 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 74.76 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया। प्रमुख रूप से सोहागपुर, नर्मदापुरम एवं सिवनी मालवा अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य में हाइब्रिड मोड (पैकेज-50) के अंतर्गत सेमरी-सांगाखेड़ा मार्ग और सोनासांवरी-सांवलखेड़ा टू-लेन मार्ग (कुल लंबाई-25.24 किमी.) का 60.3 करोड़ रुपए का पुनर्निर्माण कार्य का, सिवनी मालवा में राजस्व विभाग द्वारा उपतहसील कार्यालय (टप्पा) भवन शिवपुर का 1.24 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य, पिपरिया में राजस्व विभाग द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय भवन पिपरिया का 1.15 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य, नर्मदापुरम में अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा 50 सीटर अनुसूचित जाति पोस्ट मेट्रिक बालक छात्रावास नर्मदापुरम का 4.28 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य, सोहागपुर में अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा 50 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास सोहागपुर का 4.21 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य, नर्मदापुरम में मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, परियोजना क्रियान्वयन इकाई-1, नर्मदापुरम द्वारा एमआरएल-01 एसएच-22 निमसाडिय़ा से एनएच-69 वाया निटाया का 3.58 करोड रुपए के कार्यों का लोकार्पण किया।

स्कूल, आंगनवाड़ी भवन

नर्मदापुरम में जनजातीय कार्य विभाग नर्मदापुरम के 2.20 करोड़ रुपए के महा. जनजातीय कन्या छात्रावास भवन नि. तथा 1.85 करोड़ रुपए की शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला केसला में 10 अतिरिक्त कक्ष के निर्माण कार्य, सिवनीमालवा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी भवन चाटुआ 104, आंगनवाड़ी भवन छीपापुरा 213 आंगनवाड़ी भवन गौचीतरोंदा 28, आंगनवाड़ी भवन धांसई 107, आंगनवाड़ी भवन पिपरियाखुर्द 180, आंगनवाड़ी भवन जुझारपुर 23, आंगनवाड़ी भवन पांडूखेड़ी 55, आंगनवाड़ी भवन मरूआपुरा 216, आंगनवाड़ी भवन सोमूखेड़ा 164, आंगनवाड़ी भवन सुखतवा 142, आंगनवाड़ी भवन चीपखेड़ा 155, आंगनवाड़ी भवन हिरनचापड़ा 124, आंगनवाड़ी भवन कालाआखर 147, आंगनवाड़ी भवन कालाआखर 149, आंगनवाड़ी भवन मरयारपुरा, आंगनवाड़ी भवन कलमेसरा 14, आंगनवाड़ी भवन गेंदाकावड़ 219, आंगनवाड़ी भवन खोरीपुरा 222, सोहागपुर में आंगनवाड़ी भवन धोबीखापा 91 का कुल 29.96 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। नर्मदापुरम में नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम द्वारा 21.82 करोड़ रुपए की राशि का अमृत 2.0 योजनांतर्गत वर्क आफ एग्यूमेंटेशन आफ वाटर सप्लाई सिस्टम आफ नर्मदापुरम टाउन का भी भूमिपूजन किया।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel

Related News

error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.