इटारसी। बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय से संबंधित एम.कॉम., एमए और एमएससी के विद्यार्थियों की लंबित परीक्षाओं और परिणामों को लेकर नर्मदापुरम यूथ कांग्रेस ने एमजीएम कॉलेज की प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव मोहम्मद कादिर खान के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते परीक्षाएं आयोजित कर परिणाम घोषित नहीं किए गए, तो छात्रहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा और कॉलेज बंद कराया जाएगा।
ज्ञापन में मुख्य मांगें
एम कॉम., एमए और एमएससी के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की लंबित परीक्षाएं शीघ्र कराई जाएं या प्रमोशन का निर्णय लिया जाए। सभी लंबित प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम तत्काल घोषित हों। परिणाम देरी से आने के कारण किसी भी छात्र का प्रवेश न रोका जाए और बिना लेट फीस के अगले सेमेस्टर में प्रवेश दिया जाए। जिन विद्यार्थियों की प्रवेश तिथि निकल चुकी है, उन्हें विशेष प्रवेश अवधि दी जाए।
प्राचार्य ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय प्रशासन तक मांगें पहुँचाने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।











