इटारसी। खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही नर्मदापुरम (इटारसी) की हॉकी खिलाड़ी समीक्षा सराठे ने एक बार फिर जिले का नाम प्रदेश भर में गौरवान्वित किया है। 20 मार्च 2026 को भोपाल में आयोजित पंख योजना के समारोह में समीक्षा को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता रहीं समीक्षा सराठे को 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
लगातार दूसरे साल मिली उपलब्धि
समीक्षा के लिए यह गौरव का क्षण और भी खास रहा क्योंकि उन्हें यह सम्मान लगातार दूसरे वर्ष प्राप्त हुआ है। वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए चयन समिति ने पुन: उन्हें इस प्रतिष्ठित स्कॉलरशिप के लिए योग्य पाया।
हॉकी जगत में हर्ष की लहर

इटारसी जैसे छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय पटल पर चमक बिखेरने वाली समीक्षा की इस सफलता पर हॉकी नर्मदापुरम और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के सम्मान से उभरते हुए खिलाडिय़ों को न केवल आर्थिक संबल मिलता है, बल्कि उनका मनोबल भी दोगुना हो जाता है। कोच कन्हैया गुरयानी ने कहा कि खेल केवल जीत या हार नहीं, बल्कि निरंतर साधना का मार्ग है। समीक्षा की यह उपलब्धि उसकी मेहनत और समर्पण का मधुर फल है। इस उपलब्धि पर हॉकी नर्मदापुरम (इटारसी) के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और साथी खिलाडिय़ों ने समीक्षा को हार्दिक बधाई देते हुए उनके भविष्य में भारतीय राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने की कामना की है।










