इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इटारसी में महान वैज्ञानिक आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस मनाया। इस अवसर पर भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ और रसायन शास्त्र विभाग के तत्वावधान में पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया, जिसमें विद्यार्थियों ने आचार्य राय के जीवन और वैज्ञानिक योगदान पर आधारित आकर्षक पोस्टर्स का निर्माण किया।
डॉ. राकेश मेहता प्राचार्य ने आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के प्रेरणादायी व्यक्तिगत जीवन पर प्रकाश डाला। डॉ. रश्मि तिवारी प्रभारी, भारतीय ज्ञान परंपरा ने भारतीय विज्ञान और स्वदेशी उद्योग के विकास में आचार्य राय के ऐतिहासिक योगदान से अवगत कराया। डॉ. बस्सा सत्यनारायण विभागाध्यक्ष, रसायन शास्त्र ने रसायन विज्ञान के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण शोध और उपलब्धियों की जानकारी दी।
डॉ. जिनेंद्र सिंह चौहान ने आचार्य राय के प्रमुख प्रयोगों और उनकी सुप्रसिद्ध पुस्तक हिस्ट्री ऑफ हिंदू केमिस्ट्री के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. मनीष चौरे व अमित दीक्षित ने प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और नई शिक्षा नीति के तहत भारतीय ज्ञान के समावेश पर विचार व्यक्त किए। समापन पर डॉ. विवेक पाटीदार ने आभार व्यक्त किया।











