इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एनसीसी विभाग ने पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नामÓ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया।
फलदार व छायादार पौधों के साथ रोपी सीड बॉल
महाविद्यालय परिसर में आम, जामुन, सीताफल, अमरूद, नीम और शहतूत सहित विभिन्न प्रजातियों के लगभग 8 से 10 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। साथ ही विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न फलों के नाम अंकित सीड बॉल भी परिसर में रोपे। सभी विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
पौधे केवल लगाना नहीं, उनकी देखभाल भी जरूरी
प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि अभियान केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, पर्यावरण और आने वाली पीढिय़ों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
पौध संरक्षण से ही बनेगा हरित भविष्य
एनसीसी विभाग के एएनओ लेफ्टिनेंट मनीष चौरे एवं बालिका एनसीसी इकाई की सीटीओ श्रीमती श्रुति ने कैडेट्स को पौधों के संरक्षण, जल-संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि आज रोपा प्रत्येक पौधा भविष्य में हरित और स्वस्थ वातावरण की नींव रखेगा।











