भोपाल। आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के मद्देनजर पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने कमर कस ली है। परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए रेलवे द्वारा स्टेशनों पर व्यापक भीड़ प्रबंधन और विशेष सहायता व्यवस्था लागू की जा रही है।
भोपाल सहित इन प्रमुख शहरों में उमड़ेगी परीक्षार्थियों की भीड़
भोपाल रेल मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले प्रमुख परीक्षा केंद्रों में सर्वाधिक 13,774 परीक्षार्थी भोपाल में परीक्षा देंगे। इसके अलावा गुना 1,839, विदिशा 1,709, होशंगाबाद 1,283) तथा अशोकनगर 865 में भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है।
सीनियर डीसीएम ने बताईं प्रमुख व्यवस्थाएं
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया के अनुसार, परीक्षार्थियों और आम यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख स्टेशनों पर निम्नलिखित विशेष इंतजाम किए गए हैं।
अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती: स्टेशन परिसरों, प्लेटफॉर्मों, प्रवेश और निकास द्वारों पर कमर्शियल, आरपीएफ (RPF) और परिचालन कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है।
हेल्पडेस्क और मार्गदर्शन: यात्रियों की मदद के लिए पूछताछ काउंटर और घोषणा प्रणाली (Anouncement System) को 24 घंटे सक्रिय रखा जाएगा। परीक्षा केंद्रों की जानकारी के लिए भी सहायता दी जाएगी।
कतार प्रबंधन: स्टेशनों पर सुचारु आवागमन के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि भगदड़ जैसी स्थिति न बने।
ट्रेनों की समयबद्धता: परीक्षा केंद्रों से होकर गुजरने वाली ट्रेनों के समयपालन (Punctuality) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि परीक्षार्थी समय पर पहुंच सकें।
रेल प्रशासन की अपील: समय से पहले पहुंचें स्टेशन
भोपाल रेल मंडल ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, रेल प्रशासन ने परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की जल्दबाजी से बचने के लिए यात्रा का पर्याप्त समय लेकर ही स्टेशन पहुंचें और रेलकर्मियों का सहयोग करें।











