इटारसी। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की स्थिति से निजात दिलाने के लिए थाना इटारसी एवं यातायात चौकी ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में नई यातायात और पार्किंग व्यवस्था लागू की है। यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने कई कड़े नियम बनाए हैं, जिनका उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नई व्यवस्था के मुख्य बिंदु
- ऑटो के लिए वन-वे सिस्टम: नीलम होटल से रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-1, जीआरपी थाना और माल गोदाम तक ऑटो के लिए केवल ‘पिक एंड ड्रॉप’ (सवारी उतारने-बैठाने) की व्यवस्था रहेगी। ऑटो वापस नीलम होटल की ओर नहीं लौटेंगे, बल्कि जीआरपी थाने के बगल वाली रोड (पोर्टर खोली) से आर.एम.एस. तिराहा होते हुए बाहर निकलेंगे।
- कार-बाइक्स पर वन-वे लागू नहीं: यह नई वन-वे व्यवस्था दो-पहिया और चार-पहिया (कार) वाहनों पर लागू नहीं होगी। वे पूर्व निर्धारित यातायात व्यवस्था के अनुसार आ-जा सकेंगे।
- ठेले लगाने पर पूर्ण रोक: नीलम होटल से स्टेशन और माल गोदाम मार्ग पर सड़क किनारे और ऑटो स्टैंड के पास ठेले खड़े करने या लगाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
- नो-पार्किंग जोन: इस पूरे मार्ग पर सड़क किनारे किसी भी प्रकार के वाहन (दो-पहिया, ऑटो, चार-पहिया या मालवाहक) की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात और पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की आमजन से अपील थाना इटारसी एवं यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों, दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग न करें, केवल निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें और पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में सहयोग करें।











