इटारसी। पिछले कई माह से बदहाल रेलवे स्टेशन से नयायार्ड, मेहरागांव, तरोंदा पहुंच मार्ग की सूरत जल्द बदलेगी। इसके लिए कार्य आदेश हो चुके हैं, तथा ठेकेदार ने मटेरियल की व्यवस्था करने का काम भी शुरु कर दिया है। पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर जोन के रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य राजा तिवारी ने कहा है कि तीन-चार दिन में इस रोड के निर्माण का काम भी प्रारंभ होने की उम्मीद है।
बता दें कि वर्षों से बदहाल इस रोड पर कुछ साल पूर्व रेलवे ने स्लीपाट डालकर रोड को भगवान भरोसे छोड़ दिया था। लेकिन रोड का एक बड़ा हिस्सा ऊबड़-खाबड़ ही रहा और सड़क से जनता को न सिर्फ तकलीफ हो रही थी बल्कि नयायार्ड क्षेत्र में लगातार दुर्घटना भी हो रही थी। पिछले दिनों दुर्घटना में एक युवा की मौत ने आमजन के साथ ही रेलवे कर्मचारियों को भी आंदोलित कर दिया था। इसके बाद रोड का काम प्रारंभ कराने के प्रयासों में तेजी आयी और उम्मीद की जा रही है कि कुछ दिन में कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा। रोड निर्माण की टेंडर प्रकिया भी हो चुकी थी, अब वर्क आर्डर भी हो चुके हैं।









