इटारसी। कृषि विभाग द्वारा उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुलभ बनाने के उद्देश्य से विकासखंड केसला में एग्रीस्टेक पोर्टल तथा ई-विकास प्रणाली का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीएम निलेश शर्मा, जनपद सीईओ सुमन खातरकर और नायब तहसीलदार हीरू कुमर की अध्यक्षता में इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के मैदानी अमले को नई तकनीक से लैस किया गया।
हर श्रेणी के किसान को मिलेगा लाभ
सहायक संचालक कृषि शैलेंद्र राठौर ने प्रशिक्षण में बताया कि एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया बेहद समावेशी है। अब ई-टोकन के माध्यम से खाद प्राप्त करना आसान होगा। पोर्टल पर निम्न श्रेणियों के किसान पंजीयन करा सकेंगे। भूमिधारी एवं वन अधिकार पट्टा धारक किसान, ट्रस्ट पट्टा, सिकमी और संयुक्त खाताधारक किसान, शारीरिक रूप से अक्षम, वृद्ध किसान और ऐसे मृत किसान जिनका नामांतरण लंबित हंै।
प्रशासनिक मुस्तैदी और मास्टर ट्रेनिंग
उप संचालक कृषि डॉक्टर रविकांत सिंह के अनुसार, यह प्रशिक्षण जिले के सभी विकासखंडों में चलाया जा रहा है ताकि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के साथ वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक, सहकारी समितियों के प्रबंधक और डबल लॉक केंद्रों के गोदाम प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।











